top of page

जहाँ भी अनियमितताओं के आरोप लगे हैं, उन सबकी जाँच होगी - विजय शर्मा

Jan 4, 2024
2 min read





जहाँ भी अनियमितताओं के आरोप लगे हैं, उन सबकी जाँच होगी - विजय शर्मा।


नशा उन्मूलन के लिए एक अलग सेल बनाया जाएगा, पुलिस और ज्यादा ताक़त से काम करेगी।


रायपुर/ छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पीएससी घोटाले की जाँच सीबीआई को सौंपे जाने के प्रदेश सरकार के आदेश के संबंध में कहा है कि जहाँ पर भी इस तरह की अनियमितताओं के आरोप लगे हैं, उन सबकी जाँच होगी। लेकिन यह तय है कि जहाँ-जहाँ इस तरह के आरोप लगे हैं, युवाओं में असंतोष है, नौजवानों के साथ अन्याय हुआ है, उन सभी बिंदुओं को जाँच के दायरे में लिया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज कायम किया जाएगा। अपराधों पर नियंत्रण के लिए भाजपा सरकार पूरी ताकत से काम करेगी। इसके लिए पुलिसिंग को भी दुरुस्त किया जाएगा। अंतरराज्यीय अपराधियों व तस्कर गिरोह पर अंकुश लगाने , सूखा नशा और उसके काले कारोबार के लिए प्रदेश सरकार एक अलग सेल बनाकर काम करेगी जो इस काम को पूरी दक्षता से देखेगा। सीमावर्ती इलाकों से भी इस तरह की तस्करी होती है। प्रदेश सरकार की कोशिश होगी कि इस कारोबार में लगी पूरी चेन को ही नेस्त-ओ-नाबूद करें। सख्ती से कार्रवाई की जाए, जड़-मूल से ही इसे खत्म कर दिया जाए।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि अपराध और नक्सली हिंसा पर लगाम लगाने के लिए अधिकारियों से कहा गया है कि विभिन्न अस्पतालों में लैंडमैन विस्फोट से पीड़ित जवानों से मिलकर जो दर्द देखा है, वह दर्द शारीरिक के साथ-साथ परिवार के लिए भी बड़ा दर्द है। इस दर्द का हिसाब तो लेना होगा। यूँ ही नहीं छोड़ जा सकता इसे। दर्द का हिसाब लिया जाएगा। नशा है, जिसके कारण अपराध होते हैं। पुलिस और ज्यादा ताकत से काम करेगी। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार पुलिस के आधुनिकीकरण और सुरक्षा के लिए प्रयासों को गति देगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुरक्षा और आधुनिकीकरण के लिहाज से काम करेंगे।

Comments


bottom of page