पंडरिया में बाबू का कारनामा, जमीन अधिग्रहण पर रजिस्ट्री और चेक देने के नाम पर किसानों से वसूली ।
कबीरधाम/कवर्धा: रवेली-प्रतापपुर मार्ग के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए ग्राम सोढ़ा की 0.132 हेक्टेयर निजी भूमि का अधिग्रहण किया गया। इस प्रक्रिया के तहत 41 किसानों को कुल 72,63,792 रुपये का मुआवजा स्वीकृत किया गया। दस्तावेजों में पूरी कार्यवाही-सार्वजनिक सूचना, सहमति पत्र, गाइडलाइन दर निर्धारण और अवार्ड/नियमों के अनुरूप दर्शाई गई है।
लेकिन मुआवजा राशि और चेक वितरण के समय गंभीर आरोप सामने आए हैं। किसानों का कहना है कि पंडरिया एसडीएम कार्यालय के एक बाबू द्वारा चेक जारी करने के एवज में कथित तौर पर “रुपियों” की मांग की गई। आरोप है कि प्रति एक लाख रुपये पर पांच हजार रुपये तक वसूले गए। कुछ किसानों ने दावा किया है कि उनसे साफ तौर पर कहा गया “पैसे दो, चेक लो।”
इसके अलावा, जमीन से संबंधित कागजी प्रक्रिया और रजिस्ट्री आगे बढ़ाने के नाम पर भी अतिरिक्त रकम मांगने की बात सामने आ रही है। किसानों का आरोप है कि कथित मांग पूरी करने के बाद ही उनकी फाइलों में प्रगति हुई।
इस मामले में कलेक्टर गोपाल वर्मा और एसडीएम संदीप ठाकुर का बयान भी सामने आया है। पंडरिया एसडीएम ने मामले पर संज्ञान लेते हुए पूरे प्रकरण की जांच कराने की बात कही है। उन्होंने कहा है कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर अनियमितता या अवैध वसूली की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं अगर इस तरह के आरोप सही साबित होते हैं, तो यह केवल प्रशासनिक अनियमितता नहीं बल्कि उस विश्वास पर आघात है, जिसके भरोसे किसान विकास कार्यों के लिए अपनी जमीन सौंपते हैं। सरकार की सहमति आधारित नीति का उद्देश्य त्वरित, पारदर्शी और सम्मानजनक मुआवजा देना है न कि किसानों को नई आर्थिक और मानसिक मजबूरी में धकेलना।





Comments