top of page

रायपुर में कालेजों में दाखिले को आखिरी दिन उमड़े छात्र, सैकड़ों खाली हाथ लौटे


रायपुर । College Admission: पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय और इससे संबद्ध कालेजों में गुरुवार को जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। राजधानी समेत रविवि के 144 कालेजों में दाखिले के लिए आखिरी दिन होने से छात्र-छात्राओं की भीड़ उमड़ पड़ी। शहर के प्रमुख कालेजों में छत्तीसगढ़ कालेज, साइंस कालेज, डिग्री गर्ल्स कालेज, महंत कालेज और दुर्गा कालेज में सैकड़ों विद्यार्थियों को बिना दाखिले के ही लौटना पड़ा। प्रमुख कालेजों में 98 फीसद सीटें भर गईं।


भीड़ से परेशान होते रहे विद्यार्थी

शहर के प्रमुख कालेजों में भारी भीड़ होने विद्यार्थी दिनभर परेशान रहे। कोरोना काल में शारीरिक दूरी का पालन भी नहीं हो पाया। शहर के दुर्गा कालेज की बात करें तो गुरुवार को 72 छात्रों ने दाखिला लिया। बीए की 500 सीटों में 100 सीटें खाली रह गई। बाकी सभी सीटों 100 फीसद प्रवेश हो चुका है। छत्तीसगढ़ कालेज प्रबंधन के मुताबिक करीब 250 से अधिक छात्रों ने दाखिला लिया।


यहां भी लगभग सभी सीटें भर गई है। साइंस कालेज में करीब 150 छात्रों ने आखिरी दिन दाखिला लिया। यहां भी 100 फीसद सीटों में प्रवेश हुआ। दाखिले के लिए कालेजों में सुबह से ही छात्रों की भीड़ देखी गई। कई छात्र एक कालेज में दाखिला नहीं मिलने पर जानकारी लेकर अन्य कालेजों में भटकते दिखे। प्रवेश के लिए आए छात्रों की भीड़ की वजह से कालेजों में शाम पांच बजे के बाद भी प्रक्रियाएं चलती रही।


रविवि ने मांगी प्रवेश की जानकारी

रविवि प्रबंधन ने बताया कि रात 12 बजे तक दाखिले के लिए आए छात्राें की जानकारी भरने के लिए पाेर्टल चालू रहा। शुक्रवार को सभी कालेजों में दाखिले की स्थिति विवि काे उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। बता दें कि रविवि में दाखिले की आनलाइन प्रक्रिया पूरी होने के बाद कालेजों में बची 10 फीसद सीटों पर आफलाइन प्रवेश के लिए 28 से 30 सितंबर तक प्रक्रिया चली। इस बची जिन छात्रों ने दाखिला नहीं लिया था, वह कालेज पहुंचे।


अब एक अक्टूबर से शुरू होगी नए सत्र की पढ़ाई

ज्यादातर कालेजों में एक अक्टूबर से आनलाइन और आफलाइन मोड पर पढ़ाई शुरू हो जाएगी। प्रथम वर्ष के छात्र कालेजों में पहली बार आएंगे। इससे लेकर विद्यार्थियों में भारी उत्साह भी है।


छात्रों ने बताई समस्याएं

1- छत्तीसगढ़ महाविद्यालय में एलएलबी प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए आया था, लेकिन महाविद्यालय में एसटी के 25 सीट को एसी में बदल कर प्रवेश दिया गया। जिससे मुझे प्रवेश नहीं मिल पाया। कुछ घरेलू समस्या के चलते पहले दाखिले के लिए नहीं पहुंच सका था।


-गौरव कुमार साहू, छात्र, रायपुर

2- ओपन काउंसलिंग की वजह से छात्रों को दाखिले में परेशानी हुई। सैकड़ों छात्रों को दाखिला नहीं मिलने की वजह से उन्हें लौटना पड़ा है। उच्च शिक्षा विभाग से सीट बढ़ाने की मांग को करेंगे।


- अतुल वर्मा, छात्र, (उपाध्यक्ष) एनएसयूआइ, छत्तीसगढ़ कालेज

दाखिले की प्रक्रिया अब खत्म हो चुकी है। कालेजों को निर्देश दिया गया है कि वह जल्द ही दाखिले के संबंध में पूरी जानकारी विवि को उपलब्ध कराएं।

Comments


bottom of page