top of page

मन में कभी गुरुर ना आए, समाज की सेवा करते मेरी जिंदगी जाए- उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा

Jun 16, 2024
2 min read


मन में कभी गुरुर ना आए, समाज की सेवा करते मेरी जिंदगी जाए- उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा


कवर्धा में आयोजित महाराणा प्रताप जयंती समारोह में शामिल हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह एवं उप-मुख्यमंत्री विजय शर्मा


कवर्धा/ रायपुर, 16 जून 2024/ राजपूत क्षत्रिय समाज कवर्धा द्वारा आयोजित महाराणा प्रताप जयंती समारोह में आज विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा शामिल हुए।समारोह को सम्बोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने महाराणा प्रताप जी के योगदान और उनके गौरवशाली इतिहास शौर्य का जिक्र करते हुए कहा महाराणा प्रताप जी के विषय जीतना जानो उतना अपने अंदर ऊर्जा का संचार होता है। हमे उनके जीवन से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। नयी पीढ़ी को उनके शौर्य गाथा सुनाई बतायी जानी चाहिए। उन्होंने इस दौरान अपने राजनीतिक जीवन के शुरुआती संघर्ष को याद करते हुए कहा इस समाज और इसी वार्ड के सहयोग से पार्षद से लेकर तीन बार मुख्यमंत्री तक का 40 वर्षों का राजनैतिक सफर बेदाग निकल गया। उन्होंने आयोजन के लिए समाज को बधाई दी ।


उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि भगवान करे मन में कभी गुरुर ना आए, समाज की सेवा करते मेरी जिंदगी जाए। उक्त बातें उप-मुख्यमंत्री व कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने आज रविवार को कवर्धा में आयोजित महाराणा प्रताप जयंती समारोह को संबोधित करते हुए कही।


समारोह के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह थे। उप-मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने समारोह की अध्यक्षता की। अपने उद्बोधन में शर्मा ने स्थानीय क्षत्रिय समाज की ओर से प्रस्तुत सभी मांग पत्रों को स्वीकार करते हुए और सभी मांगों के लिए अपनी हामी देते हुए कहा कि यह समाज सनातनी परंपरा और मान बिंदुओं के लिए प्राण लगा देने वाला समाज है। जब जब भी सनातनी समाज में कोई परेशानी होती है, तब तब इस समाज के नौजवान महाराणा प्रताप जी को याद करते हुए समाज की सेवा में उपस्थित हो जाते हैं। शर्मा ने कहा कि महाराणा प्रताप हम सबके आदर्श हैं, आराध्य हैं, देवता समान हैं। द्वंद्व कहां तक पाला जाए, युद्ध कहां तक टाला जाए, तू भी राणा का वंशज, फेंक जहां तक भाला जाए। इन पंक्तियों के साथ उप-मुख्यमंत्री शर्मा ने सभा में गर्वित भावों की तरंगें बिखेर दीं। समारोह में सियाराम साहू, अशोक साहू, अशोक ठाकुर सहित सामाजिक महिला, पुरुष बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Comments


bottom of page