top of page

ग्राम दलदली में 08 जुलाई को लगेगा विशेष फॉलो-अप शिविर ।

Jul 7, 2025
1 min read
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के दौरे में मिले आवेदनों की समीक्षा के लिए होगी समय-सीमा बैठक ।

कवर्धा- प्रदेशव्यापी सुशासन तिहार के अंतर्गत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा 6 मई 2025 को कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखण्ड के सुदूरवर्ती पहाड़ी ग्राम दलदली का दौरा किया गया था। इस दौरान ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों द्वारा विभिन्न समस्याओं, मांगों एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए थे। इन आवेदनों की प्रगति की समीक्षा, त्वरित निराकरण और मुख्यमंत्री के आश्वासन/घोषणाओं के पालन की स्थिति का परीक्षण करने के लिए 08 जुलाई 2025 को प्रातः 11 बजे ग्राम पंचायत दलदली में विशेष फॉलो-अप शिविर और समीक्षा बैठक का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर कलेक्टर की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक भी शिविर स्थल पर ही आयोजित की जाएगी।


कलेक्टर ने बताया कि शिविर के माध्यम से प्राप्त समस्त आवेदनों का मौके पर परीक्षण और मूल्यांकन किया जाएगा, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि शासन की योजनाओं और निर्देशों का सीधा लाभ आमजन को प्राप्त हो। उन्होंने सभी जिला स्तरीय विभागीय अधिकारियों अपने-अपने विभागों से संबंधित आवेदनों की अद्यतन जानकारी के साथ अनिवार्य रूप से शिविर में उपस्थित होने के निर्देश दिए है।

Comments


bottom of page