top of page

कवर्धा : पाश कालोनी के दो घरों से लाखों की चोरी

Sep 26, 2021
3 min read

कवर्धा । कवर्धा शहर में फिर से चोरी की घटना बढ़ गई है। वार्ड आठ की पाश कालोनी के दो घरों के ताले तोड़कर लाखों का सामान चोर ले गए। पुलिस को अब तक चोरों का सुराग नहीं मिला है। वहीं पुरानी चोरी की घटनाओं के आरोपित भी पकड़ से बाहर हैं। लगातार चोरी की घटनाओं से लोग दहशत में हैं।


शुक्रवार की रात चोरों ने जेवडन मार्ग वार्ड नंबर आठ स्थित जगदम्बा नगर कालोनी में धावा बोला। जिन दोनों मकानों में चोरी हुई, वे सूने थे। वहां के रहवासी किसी काम से बाहर गए थे। एक घर से 1 लाख 98 हजार नकद चोरी होने की जानकारी दी गई है। दूसरा परिवार अभी भी बाहर है, जिससे वहां कितने की चोरी हुई है इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। इससे पहले कलेक्ट्रेट कालोनी में एक साथ तीन से अधिक घरों के ताले तोड़े गए थे। शहर के लगातार चोरी से लोग घर सूना छोड़कर कहीं जाने से घबरा रहे हैं। वहीं पुलिस की पेट्रोलिंग पर भी सवाल उठा रहे हैं। शहर के बाहर वाली नई कालोनी में पेट्रोलिंग नहीं हो रहा है, जिसका फायदा चोर उठा रहे हैं। कोतवाली पुलिस टीम चोरी की घटना के बाद जांच में जुट गई है। इसके लिए टीम का गठन किया गया है। खोजी कुत्तों की टीम का सहारा लिया जा रहा है। पुलिस आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।


रात में चौराहे भगवान भरोसे शहर में पूरे दिन सभी प्रमुख चौक-चैराहों पर पुलिस बल की तैनाती रहती है, लेकिन रात में सभी चौक-चौराहे भगवान के भरोसे रहते हैं। यही कारण है कि बीते दिनों कलेक्ट्रेट कालोनी में चोरी कर चोर आसानी से निकल गए। शहर ही नहीं, बल्कि जिले के कस्बाई और ग्रामीणों इलाकों में लगातार चोरियों का ग्राफ बढ़ रहा है। ऐसा कोई दिन नहीं होता कि कहीं न कही चोरी की घटना न हो। चोरी की घटना होने के बाद आरोपित को पकड़ पाने में पुलिस अब तक नाकाम है। खुफिया तंत्र नाकाम

पुलिस ने शहर में एरिया वाइज बीट कांस्टेबल नियुक्त कर रखे हैं। इसके अलावा संदिग्ध लोगों, आपराधिक वारदातों व चोरी-लूट सहित अन्य अपराधों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिस निगरानी रखती है। खुफिया तंत्र कमजोर होने से आरोपितों तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है। नतीजतन चोरी सहित अन्य मामलों के आरोपितों तक पुलिस महीनों बाद भी नहीं पहुंच पाती।


बीते दिनों रात के पकड़े गए थे कई संदिग्ध

बीते दिनों रात्रि गश्त 12 से सुबह चार बजे एवं प्रातः गश्त चार से आठ बजे तक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के द्वारा थाना कोतवाली में आवश्यक निर्देश देकर गश्त पाइंट में पुलिस स्टाफ को रवाना किया गया। साथ ही थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुकेश सोम एवं थाना टीम के साथ जिले के निगरानी बदमाशों पर निगाह रखने, जिले में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए सख्त हिदायत भी दी गई थी। स्वयं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न संदिग्ध वाहनों एवं शहर से होकर देर रात्रि में गुजरने वाले 34 संदिग्ध लोगों को सुनसान गलियों में घूमते हुए पकड़ा था। इनमें से देर रात्रि में घूमने का कारण पूछने पर आवश्यक कारण न बताने तथा भागने का प्रयास करने पर उनके स्वजनों का मोबाइल नंबर लेकर उन्हें अवगत कराया गया। दोबारा रात्रि में बेवजह घूमते मिलने पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई थी।


चोरो को पकड़ने के लिए मोबाइल डंप तक सीमित पुलिस

शहर के सबसे ज्यादा पाश एरिया कलेक्ट्रेट कालोनी में बीते दिनों चोरी की घटना हुई है। खास बात यह रही कि जिनके आवास में चोरी हुई वे शासकीय कर्मचारी हैं। लाखों रुपये के जेवर चोरी हुए थे। आरोपितों तक पहुंचने के लिए मोबाइल के डंप डाटा खंगाला गया, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।


एसपी ने भी थानों का किया था औचक निरीक्षण

तीन दिनों पहले एसपी मोहित गर्ग ने जिले के कई थानों का रात के समय औचक निरीक्षण किया था। थाना पांडातराई जाकर रात्रि गश्त पाइंट चेक करने पर कुछ अधिकारी-जवान उपस्थित नहीं मिले। इस पर स्पष्टीकरण लेकर अंतिम चेतावनी दी गई थी। थाना पंडरिया क्षेत्र में रात्रि गश्त पाइंट ड्यूटी पर तैनात अधिकारी जवानों को आवश्यक निर्देश देकर थाने के आकस्मिक निरीक्षण के लिए पहुंचे तो ड्यूटी पर तैनात अधिकारी जवान उपस्थित मिले। उन्हें रात में और अधिक मुस्तैद रहने के हिदायत दी थी। एसपी ने अनुविभागीय अधिकारी एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी, कठोर कार्रवाई की जाएगी।


वर्सन

कवर्धा कोतवाली थाना प्रभारी मुकेश सोम ने कहा- जगदम्बा नगर के दो घरों में चोरी की घटना हुई है। इनमें एक घर से एक लाख 98 हजार रुपये नकद चोरी जाने की बात सामने आ रही है। मामले की जांच टीम बनाकर की जा रही है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फूटेज भी खंगाले जा रहे है।


Comments


bottom of page