top of page

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित मंत्री द्वय ओ.पी.चौधरी व केदार कश्यप ने पुलिस परेड ग्राउंड में स्कूली बच्चों के रिहर्सल की सराहना की

Jan 25, 2024
2 min read





उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित मंत्री द्वय ओ.पी.चौधरी व केदार कश्यप ने पुलिस परेड ग्राउंड में स्कूली बच्चों के रिहर्सल की सराहना की।


प्रत्येक बालिका के लिए समानता और सम्मान सरकार का लक्ष्य: ओम माथुर


बच्चो से उपमुख्यमंत्री ने कहा आप हमारे देश और प्रदेश के गौरव हैं


रायपुर/ 24 जनवरी 2024/ गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस परेड ग्राउण्ड में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के स्कूली बच्चों द्वारा रिहर्सल को प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और वन मंत्री केदार कश्यप ने देखकर सराहना की। वे सभी सुकमा प्रवास पर जाने के लिए पुलिस परेड ग्राउण्ड हेलीपेड पहुंचे थे तथा बच्चों द्वारा किए जा रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम की झलक को देखकर स्वयं को रोक नहीं पाए। बच्चे भी उन्हें अपने बीच पाकर प्रफुल्लित हो उठे।


प्रदेश प्रभारी माथुर ने इस मौके पर कहा कि आज राष्ट्रीय बालिका दिवस है। यह दिन लड़कियों के सामने आने वाली असमानताओं को खत्म कर समाज में जागरूकता पैदा करने और शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल और पोषण में समान अवसरों की वकालत करने पर केंद्रित है। राष्ट्रीय बालिका दिवस के माध्यम से सरकार का लक्ष्य प्रत्येक बालिका के लिए समानता और सम्मान के सिद्धांतों पर जोर देना है। उपमुख्यमंत्री शर्मा ने रिहर्सल कर रहे बच्चों से कहा कि आप लोग बहुत अच्छा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आप सबकी सहभागिता से जीवन में परस्पर सहयोग व समन्वय, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, अनुशासन के भाव तो विकसित होंगे ही, ‘राष्ट्र प्रथम’ को केंद्र में रखकर हम राष्ट्र के समूचे परिवेश में एकता, सद्भावना और समरसता की भाव-धारा से भी जुड़ेंगे। आप हमारे देश और प्रदेश के गौरव हैं। इस दौरान रिहर्सल करती बालिकाओं से मिलकर माथुर व मंत्रियों ने राष्ट्रीय बालिका दिवस की बधाई भी दी। माथुर व मंत्रियों ने बच्चों के साथ भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाए जिसमें बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ उनका साथ देते हुए गगनभेदी जयघोष किया।

Comments


bottom of page