top of page

गृह मंत्री विजय शर्मा के कार्यालय के बाहर तीसरे दिन भी डटे अभ्यर्थी : नाराज युवाओं ने कराया मुंडन



बस्तर से पहुंचे हताश अभ्यर्थी ने गलत कदम उठाने की दी चेतावनी

(रवि ग्वाल) कवर्धा-छत्तीसगढ़ पुलिस आरक्षक भर्ती 2023-24 में रिक्त रह गए करीब 1600 पदों को सेकंड लिस्ट के माध्यम से भरने की मांग को लेकर कवर्धा में अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तीसरे दिन भी जारी है। गृह मंत्री विजय शर्मा के कार्यालय के सामने सैकड़ों पुलिस अभ्यर्थी धरने पर बैठे हैं। आंदोलन के बीच अब युवाओं का गुस्सा और आक्रोश खुलकर सामने आने लगा है।


लगातार तीन दिनों से तालपत्री के नीछे धरने पर बैठे अभ्यर्थियों का कहना है कि उनकी मांगों को लेकर शासन की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। इसी नाराजगी के चलते कुछ युवा अभ्यर्थियों ने मुंडन कराकर विरोध प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों ने गृह मंत्री विजय शर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।


तीसरे दिन भी सड़क पर संघर्ष, गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग



छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में युवक-युवतियां अपनी मांग को लेकर कवर्धा पहुंचे हैं। प्रदर्शनकारियों ने गृह मंत्री विजय शर्मा पर गृह विभाग को ठीक से नहीं संभाल पाने का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग भी उठाई है।


धरना स्थल पर लगातार गृह मंत्री के खिलाफ नारेबाजी हो रही है। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब भर्ती प्रक्रिया में करीब 1600 पद रिक्त हैं, तो उन पदों को सेकंड लिस्ट के जरिए भरकर युवाओं को रोजगार का अवसर दिया जाना चाहिए।


‘सब्र का बांध टूटा’, अभ्यर्थी बोले- अब क्या करें?



धरने पर बैठे एक पुलिस अभ्यर्थी ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि लगातार तीन दिनों से गृह मंत्री के कार्यालय के सामने बैठने के बावजूद उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अभ्यर्थी ने कहा कि युवाओं के सब्र का बांध टूट चुका है और कई अभ्यर्थी मानसिक रूप से बेहद परेशान हैं।


कुछ नाराज अभ्यर्थियों ने बातचीत के दौरान किसी भी तरह का गलत कदम उठाने तक की बात कही, जिससे आंदोलन स्थल पर तनाव और चिंता का माहौल दिखाई दिया। ऐसी स्थिति में प्रशासन और सरकार से अभ्यर्थियों की समस्याओं पर तत्काल संवाद करने की मांग भी उठ रही है।


किसी की उम्र निकल रही, किसी के पास सिर्फ 1-2 साल का मौका


धरना स्थल पर ऐसे भी अभ्यर्थी मौजूद हैं, जिनका कहना है कि उनके पास पुलिस विभाग में नौकरी पाने के लिए सिर्फ एक या दो वर्ष का समय बचा है। उनका तर्क है कि यदि रिक्त पदों पर सेकंड लिस्ट जारी नहीं होती तो लंबे समय से पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे कई युवाओं के लिए यह अवसर हमेशा के लिए खत्म हो सकता है।


5967 पदों की भर्ती, करीब 1600 पद रिक्त होने का दावा


अभ्यर्थियों के अनुसार पुलिस आरक्षक भर्ती 2023-24 में कुल 5967 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी। उनका दावा है कि प्रथम सूची में करीब 4367 पद ही भरे जा सके, जबकि लगभग 1600 पद अब भी रिक्त हैं। इन्हीं रिक्त पदों को सेकंड लिस्ट के माध्यम से भरने की मांग को लेकर यह आंदोलन किया जा रहा है।


फिलहाल सैकड़ों अभ्यर्थी गृह मंत्री विजय शर्मा के कार्यालय के सामने डटे हुए हैं। मुंडन से लेकर इस्तीफे की मांग तक पहुंच चुके इस आंदोलन ने सरकार के सामने युवाओं की नाराजगी को खुलकर सामने ला दिया है। अब सवाल यही है कि क्या सरकार इन अभ्यर्थियों से बातचीत कर 1600 रिक्त पदों को लेकर कोई समाधान निकालेगी, या फिर आंदोलन आने वाले दिनों में और तेज होगा?

Comments


bottom of page