top of page

कबीरधाम में ‘साइबर जागृति अभियान’ की शुरुआत, 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक होंगे जागरूकता कार्यक्रम

Aug 14
1 min read



कवर्धा-साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशव्यापी ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की थीम ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ है, जिसके तहत लोग क्यूआर कोड स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर शेयर करेंगे।


कबीरधाम जिले में अभियान का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने प्रेस वार्ता के दौरान किया। उन्होंने स्वयं क्यूआर कोड स्कैन कर सेल्फी ली और सोशल मीडिया पर साझा की। एसपी ने सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों, संस्थानों, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स, कलाकारों और आम नागरिकों से अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की।



अभियान के तहत सात सप्ताह में अलग-अलग वर्गों को साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी जाएगी। पहले सप्ताह स्कूल-कॉलेजों में डिजिटल सतर्कता और बुनियादी सुरक्षा, दूसरे सप्ताह बैंकिंग संस्थानों में वित्तीय धोखाधड़ी और यूपीआई सुरक्षा, तीसरे सप्ताह वरिष्ठ नागरिकों के साथ डिजिटल अरेस्ट व फर्जी कॉल पर टाउन हॉल, चौथे सप्ताह महिलाओं के बीच स्मार्टफोन प्राइवेसी और सुरक्षित ब्राउजिंग, पांचवें सप्ताह युवाओं को जॉब फ्रॉड व फिशिंग से बचाव, छठे सप्ताह डेटा प्राइवेसी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा सातवें सप्ताह ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में ‘साइबर मुक्त छत्तीसगढ़’ का संकल्प अभियान चलाया जाएगा।



जिला पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों, पार्कों और बाजारों में पोस्टर-बैनर के माध्यम से क्यूआर कोड का प्रचार किया जाएगा। सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप्स के जरिए भी लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा।


2 अक्टूबर गांधी जयंती के दिन ‘साइबर जागृति अभियान’ का समापन होगा। पुलिस ने नागरिकों से साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता फैलाने और अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है।

Comments


bottom of page