top of page

कोविड-19 के उपचार के लिए प्रशासन सतर्क, जिला अस्पताल में 20 आईसीयू बेड तैयार

Dec 22, 2023
2 min read


कोविड-19 के उपचार के लिए प्रशासन सतर्क, जिला अस्पताल में 20 आईसीयू बेड तैयार।


कवर्धा/ 22 दिसम्बर 2023। कोरोना के ओमिक्रान वैरियंट पिछले कुछ हप्तों में देश के अन्य राज्यों में फैल रहा है। देश भर में कोविड के बढ़ रहे मामलों को देखते हुए जिले में स्वास्थ्य संचालनालय के निर्देश पर सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। कलेक्टर जनमेजय महोबे के निर्देशानुसार सीएमएचओं डॉ. सुजॉय मुखर्जी एवं सिविल सर्जन डॉ एम सूर्यवंशी ने जिला अस्पताल में नए भवन में 20 आईसीयू बेड एवं आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण किया। यहां बताया गया कि जिला अस्पताल में अलग से 20 बेड की आईसीयू वार्ड तैयार कर लिया गया है, इसके अलावा अन्य सारी सुविधाएं भी तैयार है। फिलहाल जिले में एक भी केस सामने नहीं आया है।

सीएमएचओं डॉ. सुजॉय मुखर्जी ने बताया कि जिला अस्पताल में आने वाले सर्दी, खांसी के मरीजों की संख्या बढ रहीं है।


कोविड-19 के नए वैरियंट को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है। जिला अस्पताल में कोरोना के इलाज के लिए सभी तैयारी पूर्ण है, अस्पताल में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टॉफ की तीन शिफ्ट में डयूटी लगाई गई है। कोरोना के नियंत्रण के लिए मैदानी स्तर पर स्वास्थ्य अमलें को निर्देशित किया गया है। आईसीयू बेड में ऑक्सीजन सहित सभी आवश्यक सुविधाए मौजूद है। इसके अलावा स्व. श्रीमती सुधा देवी धर्मशाला में 40 ऑक्सीजन सुविधायुक्त बेड तैयार है। जिले में सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं, मितानिनों एवं ऑगनबाडी कार्यकर्ताओं को जनता में आवश्यक एहतियात बरतने तथा सतर्क रहने तथा कोरोना के लक्षण दिखने पर तत्काल सूचित करने निर्देश दिए गए है। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में चिकित्सक, नर्सिंग स्टॉॅफ की डॅयूटी लगा दी गई है। आवश्यकता पडने पर अतिरिक्त चिकित्सक एवं स्टॉफ उपलब्ध है।


केरल में कोरोना-19 के सैकड़ों केस सामने आए हैं


सीएमएचओं डॉ. सुजॉय मुखर्जी ने बताया कि केरल में संक्रमण की सर्वाधिक संख्या बताए जा रहे हैं। केंद्र सरकार ने लोगों को सलाह दी है कि वे भीड-भाड़ वाली जगहों पर मास्क लगाना शुरू कर दें। अस्पतालों या भीड़भाड़ वाली जगहों से लौटने पर सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने की नसीहत दी गई है। दो दिन पहले केरल से सटे कर्नाटक में भी संक्रमण को लेकर चिंता बढ़ने लगी है। केरल में मामलों के बढ़ने की वजह से पड़ोसी राज्यों में भी खास तौर पर सतर्कता बरती जा रही है।


सिंगापुर में घरों के अंदर भी मास्क लगाना जरूरी


इस महीने सिंगापुर में कोरोना के हजारों की संख्या में मामले सामने आए हैं। सिंगापुर के स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों को यह हिदायत दी है कि लोग भीड़-भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें। वहीं, लोगों को घर के अंदर भी मास्क लगाने की सलाह दी गई है।

Comments


bottom of page