पुलिस आरक्षक भर्ती में 1600 पद अब भी रिक्त, सेकंड लिस्ट की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे अभ्यर्थी

कवर्धा-छत्तीसगढ़ पुलिस आरक्षक भर्ती 2023-24 में प्रथम सूची के बाद रिक्त रह गए करीब 1600 पदों को सेकंड लिस्ट के माध्यम से भरने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। मांग को लेकर बहुसंख्यक अभ्यर्थी सड़कों पर बैठ गए हैं और रिक्त पदों को सेकंड लिस्ट के जरिए भरने की मांग कर रहे हैं।
इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नाम अभ्यर्थी रिंकू साहू ने 21 फरवरी 2026 को आवेदन सौंपा है। आवेदन में बताया गया है कि पुलिस आरक्षक भर्ती 2023-24 में कुल 5967 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी। अभ्यर्थियों के अनुसार, वर्तमान प्रक्रिया में लगभग 4367 पद ही भरे जा सके हैं, जबकि करीब 1600 पद अब भी रिक्त हैं।
एक से अधिक जिलों की चयन सूची में नाम आने से बढ़ी परेशानी
अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में कुछ अभ्यर्थियों का एक से अधिक जिलों की चयन सूची में नाम आने के कारण कई पद रिक्त रह गए। ऐसे में प्रथम सूची के बाद रिक्त पदों को सेकंड लिस्ट जारी कर भरने की मांग की जा रही है।
हाईकोर्ट के आदेश का भी दिया हवाला
आवेदन में बिलासपुर हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए कहा गया है कि प्रथम सूची से 5967 पदों को नहीं भरा जा सकता। अभ्यर्थियों का दावा है कि रिक्त पदों को सेकंड लिस्ट के माध्यम से भरे जाने की मांग लगातार की जा रही है।

अभ्यर्थियों का कहना है कि मामले में करीब 7 से 8 महीने बीत जाने के बावजूद कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, जिसके चलते बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परेशान हैं और अब आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर हुए हैं।
सड़कों पर बैठकर कर रहे प्रदर्शन
1600 रिक्त पदों को सेकंड लिस्ट के माध्यम से भरने की मांग को लेकर बहुसंख्यक अभ्यर्थी सड़कों पर बैठ गए हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब भर्ती में बड़ी संख्या में पद रिक्त हैं तो उन पदों को अगली सूची के माध्यम से भरा जाना चाहिए, ताकि भर्ती प्रक्रिया में शामिल अभ्यर्थियों को अवसर मिल सके।
अब अभ्यर्थियों की नजर शासन के फैसले पर है। देखना होगा कि सरकार 1600 रिक्त पदों को सेकंड लिस्ट के जरिए भरने की मांग पर क्या निर्णय लेती है।





Comments