top of page
VOSADD.jpg

किसानों और वनोपज संग्राहक परिवारों का आय दोगुनी करने वाला छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य - मंत्री अकबर


किसानों और वनोपज संग्राहक परिवारों का आय दोगुनी करने वाला छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य - मंत्री अकबर।


राज्य सरकार ने धान का समर्थन मूल्य 1740 से बढ़ाकर 2500 और 2500 से बढ़ाकर 2800 रूपए किया।


जहां पहले 07 प्रकार की वनोपज खरीदी होती थी वहां आज 65 प्रकार के वनोपज की हो रही खरीदी।


तेंदूपत्ता प्रतिमानक बोरा 2500 से बढ़ाकर 4000 और महुआ का 17 रूपए प्रति किलो से बढ़ाकर 33 रूपए प्रतिकिलो किया।


कवर्धा– 24 मई 2023। प्रदेश के वन, परिवहन, आवास, पर्यावरण, विधि विधायी तथा जलवायु परिवर्तन मंत्री व कवर्धा विधायक मोहम्मद अकबर ने कहा कि छत्तीसगढ़ में किसानों और वनोपज संग्राहक कार्यो में लगे परिवारों के आय दोगुनी करने में छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य बन गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने धान का समर्थन मूल्य 1740 से बढ़ाकर 2500 और 2500 से बढ़ाकर 2800 रूपए किया है। खरीफ सीजन 2023-24 में प्रति एकड़ 15 क्विंटल से बढ़ाकर 20 क्विंटल और 2800 रूपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जाएगी। उन्होंने कहा है कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना ने किसानों के लिए विकास का द्वार खोल दिया है। इस योजना के तहत 2020 से 2022 तक किसानों को 16 हजार 415 करोड़ की इनपुट राशि बैंक खातों में भुगतान किया गया। उन्होंने किसानों को बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य वनोपज खरीदी करने में देश में कीर्तिमान स्थापित किया है। वनोपज संग्राहक परिवार के आय दोगुनी करने के मामले में छत्तीसगढ़ राज्य अग्रणी है। जहां पहले 07 प्रकार की वनोपज खरीदी होती थी वहां आज 65 प्रकार के वनोपज की खरीदी हो रही है। तेंदूपत्ता प्रतिमानक बोरा 2500 से बढ़ाकर 4000 और महुआ का 17 रूपए प्रति किलो से बढ़ाकर 33 रूपए प्रतिकिलो किया गया है। वनोपज संग्राहक परिवारों का विकास का पहिया यहीं तक नहीं है बल्कि वनांचल में रहने वाले किसानों की आय दोगुनी करने के लिए राज्य सरकार ने लघु धान्य फसल कोदो, कुटकी और रागी का भी समर्थन मूल्य तय किया है। राज्य में पहली बार लघु वनोपज समितियों के माध्यम से 16.60 करोड़ रूपए की राशि से कोदा-कुटकी और रागी का क्रय किया गया।

कैबिनेट मंत्री अकबर आज बुधवार को कबीरधाम जिले के एक दिवसीय प्रवास पर थे। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बम्हनी के साथ-साथ ग्राम धमकी, नयापारा, मड़मड़ा, छांटा झा, झलका, ग्राम बिरूटोला में आयोजित भेंट-मुलाकात एवं जनचौपाल कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा करते हुए किसानों, ग्रामीणों, भूमिहीन श्रमिक मजदूरों, महिलाओं से सीधा संवाद किया और गांव तथा क्षेत्र विकास की दिशा में ग्रामीणों से सुझाव भी मांगे। उन्होंने राज्य सरकार की फ्लैगशीप योजनाओं का फीडबैक भी लिया। कार्यक्रम के शुभारंभ से पहले अकबर ने ग्राम पंचायत बम्हनी में मां शीतला मंदिर में विधिवत पूजा अर्चना की। उन्होंने माता शीतला का आशीर्वाद लेकर प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की।

मंत्री अकबर ने कहा कि ग्राम पंचायतों में जाकर आमजनों से सीधा संवाद करने का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उन्हें मिल रहा है या नही इसकी जानकारी लेना है। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में कोई समस्या आ रही है, उसे दूर कर योजनाओं का लाभ उन्हें देना है। उन्होंने कहा कि इसी के अनुरूप ही ग्राम पंचायत मुख्यालय में आम जनों से योजनाओं के लाभ की जानकारी लेने आए है। इस दौरान मंत्री अकबर ने शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी विस्तार से दी। उन्होंने कहा कि जिले के विकास के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि होरी साहू, कलीम खान, कृषि उपज मंडी अध्यक्ष नीलकंठ साहू, उपाध्यक्ष चोवा साहू सहित संबंधित ग्राम पंचायत के पंच-सरपंच, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण उपस्थित थे।

Comments


bottom of page